
भोपाल: राजधानी के शाहपुरा क्षेत्र में पशु-क्रूरता का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। लक्ष्मी कैंपस इलाके में एक पिल्ले समेत पांच स्ट्रीट डॉग्स को जानबूझकर जहरीला भोजन खिलाकर मौत के घाट उतार दिया गया। यह घटना चार दिन बाद उजागर हुई, जिसके बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।
स्थानीय निवासियों की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सभी मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दोषियों की पहचान की जा सके। प्राथमिक जांच में घटना को सुनियोजित बताया जा रहा है।
रहवासियों का कहना है कि इस तरह की वारदात के पीछे असामाजिक तत्वों की भूमिका हो सकती है। उन्होंने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अमानवीय घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
