कलेक्टर ने छत्रसाल स्टेडियम में रावण दहन तैयारियों की समीक्षा की

सीधी। दशहरा पर्व के अवसर पर छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। कलेक्टर विकास मिश्रा ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन में शामिल होने वाले नागरिकों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, आवागमन और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

कलेक्टर ने अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था तथा प्रवेश एवं निकास मार्गों पर आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रावण दहन के दौरान भीड़ को नियंत्रित रखने और दर्शकों की सुरक्षित आवाजाही के लिए प्रभावी व्यवस्था करने को कहा गया है। साथ ही आयोजन स्थल पर सतत निगरानी रखने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।इस अवसर पर उपखंड अधिकारी गोपद बनास प्रिया पाठक, मुख्य नगर पालिका अधिकारी महमूद हसन सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

आपात स्थिति निपटने दिये गये निर्देश 

कार्यक्रम के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड एवं एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अग्निशमन दल और चिकित्सा सेवाओं को आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रखने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। रावण दहन के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन कराने, ज्वलनशील सामग्री से सावधानी बरतने और दर्शकों को दहन स्थल से सुरक्षित दूरी पर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

नागरिकों से सहयोग की अपील की गई 

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे रावण दहन कार्यक्रम के दौरान निर्धारित सुरक्षित स्थान पर ही खड़े होकर आयोजन देखें और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। निर्धारित बैरिकेडिंग पार न करें तथा आग, पटाखों और जलते हुए अवशेषों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। अभिभावक बच्चों को अपने साथ रखें और उन्हें आयोजन स्थल पर अकेला न छोड़ें। भीड़ में धक्का-मुक्की और जल्दबाजी से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन एवं सुरक्षा कर्मियों का सहयोग करें।

प्रशासन ने नागरिकों से दशहरा पर्व को उत्साह, आपसी सौहार्द और अनुशासन के साथ मनाने की अपील की है। सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा आयोजन के दौरान सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Next Post

रक्षा मंत्रालय की नई वेबसाइट 22 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध

Mon Oct 19 , 2026
नई दिल्ली 19 अक्टूबर (वार्ता) रक्षा मंत्रालय और रक्षा विभाग की नई वेबसाइट अब 22 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होगी। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने सोमवार को इन नई वेबसाइटों का शुभारंभ किया। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि वैबसाइटों को आधुनिक, आसानी से इस्तेमाल करने योग्य और सभी के […]

You May Like