
झाबुआ. झाबुआ जिले में नल-जल योजना के कार्यों को गति देने और ग्रामीणों तक पेयजल सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से एसडीएम महेश मंडलोई ने शनिवार को टिकड़ी जोगी, भूरी माटी और दौतड़ गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों, ठेकेदारों और पंचायत प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यों में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान ग्राम टिकड़ी जोगी में कुछ ग्रामीणों द्वारा सम्पवेल निर्माण का कार्य रोके जाने का मामला सामने आया। ग्रामीण बड़ी पानी की टंकी बनाने की मांग कर रहे थे। एसडीएम ने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाइश दी और ठेकेदार को तत्काल निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार भूरी माटी के डूंगरा फलिया में कुएं के निर्माण को लेकर भूमि संबंधी समस्या सामने आई। एसडीएम ने मौके पर ही समस्या का समाधान कर ठेकेदार और पंचायत को निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने तथा पेयजल आपूर्ति शुरू करने के निर्देश दिए।
दौतड़ गांव के सालेड़ा फलिया में सम्पवेल निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान का निरीक्षण किया गया। एसडीएम ने ग्रामीणों से चर्चा कर जनहित के इस कार्य में सहयोग करने की अपील की। एसडीएम मंडलोई ने कहा की प्रत्येक ग्रामीण तक पेयजल पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाकर समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
