
रीवा, राष्ट्रीय राजमार्ग 39 रीवा सीधी मार्ग पर गुढ़ बाईपास स्थित भैरव बाबा मोड़ के समीप आज दोपहर लगभग 4 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।तेज रफ्तार अपाचे मोटरसाइकिल और स्कूटी के बीच हुई आमने सामने की जोरदार भिड़ंत में 4 वर्ष की मासूम बच्ची सहित तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य मासूम गंभीर रूप से घायल है।घटना की सूचना मिलते ही गुढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
*रक्षाबंधन की खुशियाँ मातम में बदलीं खरीदारी के बाद दादा के साथ घर लौट रही थीं बच्चियाँ*
जानकारी के अनुसार चौड़िया निवासी विंध्यवासिनी तिवारी उर्फ बबलू 45 वर्ष गुढ़ बाजार से अपनी दो नातिनों शिवी तिवारी 4 वर्ष और उनकी 5 वर्षीय बहन को स्कूटी पर बैठाकर अपने घर लौट रहे थे। बच्चियाँ अपनी माँ और मौसी के साथ रक्षाबंधन त्यौहार के अवसर पर गुढ़ बाजार में खरीदारी करने आई थीं। वापस लौटते समय रास्ते में दादा मिल गए तो माँ ने दोनों बच्चियों को उनके साथ स्कूटी से घर भेज दिया था।इसी दौरान सीधी की तरफ से रीवा की ओर जा रही तेज रफ्तार अपाचे मोटरसाइकिल जिस पर तीन युवक सवार थे ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
*घायलों का उपचार और मृतकों की स्थिति*
हादसे के तुरंत बाद गुढ़ पुलिस ने टोल प्लाजा की आपातकालीन 1033 एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शिवी तिवारी पिता अजय तिवारी उम्र 4 वर्ष स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुढ़ ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।दूसरी मासूम बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद संजय गांधी अस्पताल रीवा के लिए रेफर कर दिया गया।और विंध्यवासिनी तिवारी उर्फ बबलू तिवारी उम्र 45 वर्ष निवासी चौड़ियार भी संजय गांधी अस्पताल रीवा में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया और साथ ही पंकज सिंह उम्र 22 वर्ष सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र निवासी अपाचे सवार युवक की अस्पताल पहुँचने पर मौत हो गई।इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद मृतकों के परिजनों और पूरे चौड़ियार गाँव में मातम छा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
