
मंदसौर। गरोठ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से 220 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्लास्टिक की 40 खाली कैरेट के नीचे 11 काले प्लास्टिक के कट्टों में डोडाचूरा छिपाकर ले जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद पिकअप में डोडाचूरा भरकर पिपल्या जत्ति की ओर से गरोठ होते हुए आठलेन की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें 220 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
मामले में सुरेन्द्र सिंह (26), निवासी बदायूं, उत्तर प्रदेश, वर्तमान निवासी पंजाब तथा रामशरण (21), निवासी संभल, उत्तर प्रदेश, वर्तमान निवासी मोहाली, पंजाब को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने डोडाचूरा, पिकअप वाहन, दो मोबाइल और 40 खाली कैरेट सहित कुल 14 लाख 64 हजार रुपए का मश्रुका जब्त किया है। गरोठ थाने में अपराध क्रमांक 423/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत के संबंध में पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामसनेही मिश्रा और एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बलवीरसिंह यादव तथा सहायक उपनिरीक्षक बलवानसिंह देवड़ा की टीम ने की।
