
जबलपुर। अक्टूबर के शुरुआती 17 दिनों में जबलपुर रेल मंडल ने नियमित ट्रेनों के अलावा 259 स्पेशल और 125 डायवर्टेड ट्रेनों का सफल परिचालन किया। एक से 17 अक्टूबर के बीच संचालित इन 384 ट्रेनों को दूसरे मंडलों से शुरू किया गया था या विभिन्न कारणों से जबलपुर मंडल के रेल नेटवर्क से गुजारा गया। उपलब्ध लोको क्रू और रेल पाथ का बेहतर प्रबंधन कर अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किया गया। मंडल ने माल परिवहन की क्षमता बढ़ाने और समय व रेल पाथ की बचत के लिए दो मालगाड़ियों को जोड़कर चलने वाली लॉन्ग हॉल ट्रेनों का भी रिकॉर्ड बनाया। इस अवधि में कुल 47 लॉन्ग हॉल ट्रेनों का परिचालन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के नेतृत्व तथा वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक प्रिंस विक्रम और रवि प्रकाश के मार्गदर्शन में परिचालन विभाग ने संरक्षा और समयपालन सुनिश्चित करते हुए यात्री एवं मालगाड़ियों का संचालन किया।
