
भोपाल। मप्र में मोबाइल गवर्नेंस की नीतियों और विकास में मोबाइल संचार की भूमिका पर केंद्रित पुस्तक ‘मध्यप्रदेश में मोबाइल गवर्नेंस एवं विकास’ के लेखक डॉ. ललित कुमार ने शनिवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर उन्हें पुस्तक की प्रति भेंट की। यह पुस्तक मध्यप्रदेश में मोबाइल गवर्नेंस की नीतियों, सरकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और डिजिटल माध्यमों से आम नागरिकों तक शासन की सूचनाएं और सेवाएं पहुंचाने की प्रक्रिया पर एक शोधपरक अध्ययन प्रस्तुत करती है।
इसमें मोबाइल संचार के माध्यम से शासन की कार्यप्रणाली और भावी विकास की संभावनाओं को गहराई से रेखांकित किया गया है। पुस्तक भेंट करने के बाद डॉ. ललित कुमार ने बताया कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हुई यह सार्थक चर्चा उनके लिए बेहद प्रेरणादायक और स्मरणीय रही। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों के साथ-साथ मीडिया और जनसंचार के क्षेत्र में रुचि रखने वालों के लिए एक उत्कृष्ट संदर्भ सामग्री साबित होगी।
