
इंदौर:आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच का सामना कर रहे प्रधान आरक्षक फिरोज खान का पिस्टल के साथ एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. इससे पहले उसका होटल में नोट लुटाने का वीडियो सामने आया था। लोकायुक्त की जांच में अब तक उसकी और परिचितों के नाम पर 38 संपत्तियों की जानकारी सामने आई है।
तीन दिन पहले लोकायुक्त पुलिस ने प्रधान आरक्षक के 15 ठिकानों पर छापेमारी कर संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू की थी। अब तक सामने आई संपत्तियों का बाजार मूल्य करीब 35 करोड़ रुपए से अधिक बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, जांच आगे बढ़ने के साथ संपत्तियों का आंकड़ा और बढ़ सकता है। उसके बैंक खाते में करीब 11 लाख रुपए की राशि फ्रीज कराए जाने की जानकारी भी सामने आई है, जबकि अब तक लॉकर का पता नहीं चला है।
हथियार की प्रकृति की पड़ताल…
नए वीडियो में फिरोज खान एक अन्य व्यक्ति के साथ दिखाई दे रहा है। उसके हाथ में पिस्टल नजर आ रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रधान आरक्षक को सरकारी पिस्टल या रिवॉल्वर आवंटित होने की जानकारी नहीं है। ऐसे में यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रही वस्तु असल हथियार है, देसी पिस्टल है या खिलौने जैसा कोई सामान। वीडियो कब और कहां बनाया, इसकी भी आधिकारिक पुष्टि की जा रही है.
नोटिस देकर तलब करने की तैयारी…
लोकायुक्त की कार्रवाई के तीन दिन बाद भी फिरोज खान के जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं होने की जानकारी मिली है. लोकायुक्त सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल संपत्तियों और दस्तावेजों से संबंधित जब्ती की कार्रवाई की जा रही है. आवश्यकता पड़ने पर उसे नोटिस जारी कर तलब किया जाएगा. जांच के दौरान गवाहों को प्रभावित करने या साक्ष्य छिपाने से संबंधित तथ्य सामने आने पर न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी कराने की कार्रवाई की जा सकती है. फिलहाल, नए वीडियो में दिखाई दे रही वस्तु और संपत्तियों से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी
