सिंगरौली:गनियारी के अंबेडकर चौक स्थित बीजपुर मार्ग पर शनिवार को सीमेंट से लदे एक ट्रक के कारण यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई। सुबह 11:30 बजे से दोपहर करीब 1:30 बजे तक वाहन चालक जाम में फंसे रहे। लगभग डेढ़ किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगने से मोटरसाइकिल, कार सहित अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। सीमेंट दुकान में माल पहुंचाने आए ट्रक के प्रवेश ने नो एंट्री व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि नो एंट्री के बावजूद ट्रक को अंदर आने की अनुमति दी गई। हालांकि, इसे अनुमति किसने दी, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। जाम खुलवाने में यातायात पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। अंततः कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद किसी तरह आवागमन बहाल कराया गया।
दिलीप कुमार शुक्ला का कहना है कि नो एंट्री के दौरान ट्रक के अंदर प्रवेश करने से यह स्थिति बनी और लोगों को डेढ़ घंटे से अधिक समय तक परेशानी उठानी पड़ी।
नो एंट्री में प्रवेश की अनुमति किसने दी?
घटना ने यातायात व्यवस्था की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि प्रतिबंधित समय में सीमेंट लदा ट्रक किसके निर्देश पर अंदर पहुंचा और जिम्मेदारों ने समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की? यदि नो एंट्री के नियमों का पालन नहीं कराया गया, तो इसकी जवाबदेही किसकी होगी?
