सिंगरौली :प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय बैढ़न में आज शुक्रवार को जिला स्तरीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मध्य प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार आयोजित इस स्पर्धा में जिले के सात महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लेकर खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के आधार पर रीवा में आयोजित होने वाली संभाग स्तरीय स्पर्धा के लिए जिले की टीम का गठन किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आरके झा तथा प्रेक्षक एवं शासकीय कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीके शंभूरत्ना की उपस्थिति में हुआ। अतिथियों ने बजरंगबली के चित्र पर पूजन-अर्चन कर प्रतियोगिता की शुरुआत की। प्राचार्य डॉ. झा ने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने और खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में शासकीय महाविद्यालय चितरंगी, बरगवां, रम्पा, मायाराम मेढ़ौली, शैल मंगलम सिंगरौली, बरका तथा आयोजक महाविद्यालय बैढ़न के खिलाड़ि़यों ने भाग लिया।
निर्णायक की भूमिका सुखचैन शुक्ला और रामसजीवन शाह ने निभाई, जबकि स्कोरर के रूप में डॉ. उमाकांत सिंह, संजीव जायसवाल एवं डॉ. प्रदीप कुमार कछवाहा ने योगदान दिया। चयन समिति में डॉ. उमाकांत सिंह, संजीव जायसवाल और डॉ. विनोद कुमार राय शामिल रहे। प्रतियोगिता के विजेता पीएमसीओई शासकीय अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय बैढ़न एवं उपविजेता मायाराम कॉलेज मेढ़ौली के खिलाड़ियों को मेडल प्रदान किए गए।
