भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के मध्यप्रदेश आगमन पर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि मां अहिल्या की पावन नगरी इंदौर में महामहिम राष्ट्रपति का आगमन प्रदेशवासियों के लिए गौरव और प्रेरणा का अवसर है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु का पांच दिवसीय मध्यप्रदेश प्रवास प्रदेश में उत्साह और उमंग बढ़ाने वाला है। इस दौरान वे राज्य में विकास, जनकल्याण और संरक्षण से जुड़े विभिन्न प्रयासों का अवलोकन करेंगी, जिससे इन अभियानों को नई ऊर्जा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति विश्व प्रसिद्ध चीता प्रोजेक्ट की प्रगति और सफलता से भी अवगत होंगी। इसके साथ ही सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन से जुड़े महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रमों में भी राष्ट्रपति की सहभागिता होगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति का यह दौरा मध्यप्रदेश के लिए विशेष महत्व रखता है और इससे प्रदेश के विकास एवं जनहितकारी योजनाओं को नई दिशा और प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।
