एयर इंडिया ने सऊदी अरब की 20 अक्टूबर तक की उड़ानें रद्द कीं

नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने सऊदी अरब में युद्ध की स्थिति को देखते हुए वहां के लिए 20 अक्टूबर तक की अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयर इंडिया की पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी शुक्रवार को 20 अक्टूबर तक के लिए सऊदी अरब से आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानों को रद्द करने की घोषणा की। इससे पहले इंडिगो और अकासा एयर ने गुरुवार रात सऊदी अरब की उड़ानों के रद्द रहने की अवधि बढ़ाने की घोषणा की थी। सऊदी अरब पर हूतियों के लगातार हमलों और उसमें हवाई अड्डों को हुए नुकसान के बाद चारों भारतीय विमान सेवा कंपनियों ने वहां के लिए अपनी उड़ानें रद्द करने की घोषणा की थी।

एयर इंडिया की आज जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि रियाद, दम्मम और जेद्दा के लिए 20 अक्टूबर तक की उसकी सभी उड़ानें रद्द रहेंगी। इसमें दोनों तरफ की उड़ानें शामिल हैं। उसने कहा है कि इन उड़ानों को दुबारा शुरू करने के लिए फिलहाल परिस्थितियों का आकलन किया जा रहा है। उसने प्रभावित यात्रियों को टिकट रद्द कराने पर पूरा रिफंड देने की घोषणा की है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी दम्मम, जेद्दा और रियाद की अपनी सभी उड़ानें 20 अक्टूबर तक रद्द रखने की घोषणा करते हुए कहा है कि प्रभावित यात्री यात्रा की तारीख में निःशुल्क बदलाव कर सकते हैं या फिर टिकट रद्द कराने पर पूरा रिफंड पा सकते हैं। इंडिगो ने गुरुवार को बताया था कि रियाद, जेद्दा, दम्मम और मदीना की उसकी उड़ानें 24 अक्टूबर तक के लिए रद्द रहेंगी। अकासा एयर ने रियाद की उड़ानें 24 अक्टूबर तक और जेद्दा की 21 अक्टूबर तक रद्द कर दी हैं।

.....

Next Post

बढ़ते इंदौर की जल जरूरतों के लिए बड़ी तैयारी

Fri Oct 16 , 2026
इंदौर: बढ़ती आबादी और भविष्य की जल जरूरतों को देखते हुए इंदौर में नर्मदा जलप्रदाय के चौथे चरण का काम तेजी से किया जा रहा है। जलूद में 1,650 एमएलडी क्षमता के इंटेक वेल के निर्माण से शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। परियोजना का उद्देश्य वर्ष 2055 […]

You May Like

Play sound