जबलपुर: सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद एकतरफा प्यार में सिरफिरे आशिक ने खमरिया अंतर्गत सोनपुर रोड निवासी युवती के घर में घुसकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। युवती द्वारा बात करने से मना करने पर आरोपी ने उसे और उसकी मां को जान से मारने की धमकी दी। पीडि़ता की शिकायत पर खमरिया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक 20 वर्ष युवती निवासी घाना सोनपुर रोड की आईटीआई की पढ़ाई कर रही है। करीब डेढ़ साल पहले उसकी बातचीत इंस्टाग्राम के जरिए रोहित सेन, पिता सीताराम सेन निवासी कैमोर, जिला कटनी से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच मुलाकातें भी हुईं और उन्होंने कुछ तस्वीरें भी साथ में खिंचवाई थीं। हालांकि, बाद में युवती ने उससे दूरी बना ली। बीती रात को आरोपी रोहित सेन अचानक युवती के घर के भीतर दाखिल हो गया।
उसने युवती पर बात करने का दबाव बनाया। जब छात्रा ने स्पष्ट रूप से कहा कि मैं तुमसे अब कोई बात नहीं करना चाहती तो रोहित आगबबूला हो गया और युवती के साथ मारपीट शुरू कर दी। चीख-पुकार सुनकर जब पीडि़ता की मां बीच-बचाव करने आई, तो आरोपी ने धमकी दी कि अगर आज के बाद मुझसे बात नहीं की, तो तुम दोनों को जान से खत्म कर दूंगा। वारदात के बाद डरी-सहमी पीडि़ता हिम्मत जुटाकर थाने पहुंची और आरोपी रोहित सेन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
