जबलपुर। ग्वारीघाट थाना अंतर्गत पुरानी बस्ती रेतनाका में बीती रात अज्ञात शरारती तत्व ने घर के बाहर खड़ी पूर्व पार्षद की बोलेरो का कांच तोडक़र उसमें आग लगा दी। इस घटना में पीडि़त व्यवसायी को करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक पुरानी बस्ती रेतनाका निवासी पूर्व पार्षद शंकर लाल की महिन्द्रा बोलेरो गाड़ी क्रमांक एमपी 20 जीबी 2067 को रोज की तरह अपने घर के पास जगदम्बा किराना दुकान के सामने पार्क किया था।
इसी दौरान सूनी सडक़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात असामाजिक तत्व ने गाड़ी के ड्राइवर साइड का कांच तोड़ दिया और सीट पर कोई ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। घटना के वक्त वहाँ से गुजर रहे एक राहगीर ने जब वाहन से धुआं और लपटें उठती देखीं, तो उसने तुरंत भागकर पूर्व पार्षद के घर जाकर इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही वाहन मालिक मौके पर पहुंचा। उसने देखा कि गाड़ी के ड्राइवर साइड का कांच टूटा हुआ था और केबिन के अंदर भीषण आग धधक रही थी। लोगों की मदद से पानी और मिट्टी डालकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस प्रकरण दर्ज कर पतासाजी कर रही है। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान हो सके ।
