सीधी : धर्मांतरण के आरोप में गिरफ्तार मां-बेटी आज जेल पहुंच गई। मामला सीधी जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र का है, धर्मांतरण के लिए सरकारी नौकरी, पैसा और मुफ्त शिक्षा -स्वास्थ्य के प्रलोभन देने का आरोप लगा है। कथित धर्मांतरण के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए मां- बेटी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर आज जिला न्यायालय के समक्ष पेश किया। जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया। फरियादी ने आरोप लगाया है कि धर्म परिवर्तन के बदले एक लाख रुपये, सरकारी नौकरी और मुफ्त शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं देने का प्रलोभन दिया जा रहा था।
मामला 12 अक्टूबर 2026 को उस वक्त चर्चा में आया, जब एमपीईबी सीधी कॉलोनी के पीछे एक निजी मकान में आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान विवाद और मारपीट की घटना सामने आई थी। पुलिस ने दोनों महिलाओं के विरुद्ध मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 3 और 5 के तहत कार्रवाई की। इसके बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया। हालांकि, धर्मांतरण और प्रलोभन से जुड़े आरोपों का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा।
