नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (वार्ता) क्रेडिट कार्ड जारी करने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी एसबीआई कार्ड और जोमैटो ब्रांड का स्वामित्व रखने वाली ‘इटरनल लिमिटेड’ ने गुरुवार को ‘इटरनल एसबीआई कार्ड’ के नाम से को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड पेश करने की घोषणा की। इस कार्ड पर ‘इटरनल’ और उससे जुड़ी कंपनियों से खरीददारी पर ग्राहकों को तुरंत डिस्काउंट मिलेगा। साथ ही ग्रुप के बाहर खरीददारी पर भी कंपनी ने कई लाभों की घोषणा की है।
यह कार्ड 22 अक्टूबर 2026 से चरणों में उपलब्ध होना शुरू होगा। इटरनल के ब्रांड जोमैटो, ब्लिंकइट और डिस्ट्रिक्ट ऐप्स के जरिये ग्राहक ‘अर्ली एक्सेस’ के लिए अनुरोध कर सकते हैं। ऐसा करने पर उन्हें आवेदन करने का आमंत्रण मिल जाएगा।
कार्डधारकों को तीनों ऐप पर इलेक्ट्रॉनिक्स और सौंदर्य प्रसाधनों की खरीद पर 10 प्रतिशत की तत्काल छूट मिलेगी। ब्लिंकइट पर कुछ अपवादों को छोड़कर अन्य सभी श्रेणियों में खरीददारी करने पर भी 10 प्रतिशत की त्वरित छूट मिलती है। इन सभी प्लेटफॉर्म्स पर की गई खरीदारी के लिए हर महीने अधिकतम दो हजार रुपये तक का डिस्काउंट मिल सकता है। बिस्ट्रो पर 10 प्रतिशत की तत्काल छूट और डिस्ट्रिक्ट के जरिये मूवी टिकट खरीदने पर ‘एक के साथ एक’ का ऑफर भी मिलता है।
कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि ये सभी लाभ इटरनल के सभी प्लेटफॉर्म पर आम ग्राहकों को मिलने वाले दूसरे लाभों के अतिरिक्त होंगे।
इस कार्ड पर इटरनल से बाहर ग्राहक अपोलो, इक्सिगो, उबर और अर्बन कंपनी पर खर्च करने पर पांच प्रतिशत कैशबैक भी पा सकते हैं, जो हर महीने अधिकतम एक हजार रुपये तक हो सकता है। जब भी स्टेटमेंट तैयार होगा योग्य खरीददारी पर मिलने वाला कैशबैक अपने-आप सीधे ग्राहक के एसबीआई कार्ड अकाउंट में क्रेडिट हो जाएगा।
एसबीआई कार्ड की प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सलीला पांडे ने कहा कि एसबीआई कार्ड ने हमेशा अपने ग्राहकों के लिए ऐसे उत्पाद पेश करने की कोशिश की है, जो उनकी अलग-अलग जीवनशैली और पसंद के हिसाब से तैयार किए गए हों। ग्राहकों की रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया यह कार्ड कई तरह की श्रेणियों में बेहतरीन कैशबैक, सुविधा और वैल्यू देता है।
‘इटरनल’ के मुख्य वित्तीय अधिकारी अक्षंत गोयल ने कहा कि इटरनल एसबीआई कार्ड का उद्देश्य रोजमर्रा के लेन-देन के जरिये ग्राहकों को अधिक से अधिक वैल्यू देने का एक बड़ा मौका है।
कार्ड लेने वाले ग्राहकों को 499 रुपये की जॉइनिंग फीस देने पर छह महीने की ज़ोमैटो गोल्ड मेंबरशिप निःशुल्क मिलती है। इसके साथ ही, अगर कोई ग्राहक पिछले साल में कुल दो लाख रुपये तक खर्च करता है, तो उसे अगले साल की वार्षिक शुल्क से छूट मिल सकती है।

