सतना: जिले के बरौंधा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक हृदय विदारक सड़क दुर्घटना सामने आई। महुआ डांडी बैरियर के आगे सुबह करीब 11:45 बजे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार पांच वर्षीय मासूम बच्चे की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने के तुरंत बाद आरोपी वाहन चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पन्ना जिले के पहाड़ीखेड़ा बस स्टैंड निवासी पाल परिवार बाइक पर सवार होकर दर्शन पूजन के लिए कालिंजर की ओर जा रहा था। एक ही मोटरसाइकिल पर पुरुष, महिला और तीन मासूम बच्चे सवार थे। जैसे ही वे बरौंधा क्षेत्र में महुआ डांडी बैरियर को पार कर आगे बढ़े, तभी सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में श्रीकेश पाल के 5 वर्षीय पुत्र कार्तिक पाल ने सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मझगवां सीएचसी में हुआ उपचार
सड़क दुर्घटना में आशाराम पाल (25 वर्ष, पिता रामाधार पाल), बिल्लों पाल (28 वर्ष, पति श्रीकेश पाल), सतीश पाल (8 वर्ष) और शिवम पाल (6 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घटना की सूचना डायल 112 और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझगवां पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका प्राथमिक उपचार जारी है।
फरार वाहन चालक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही बरौंधा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की मर्ग विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के टोल नाकों, बैरियर और मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारकर भागने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
