सीहोर। मंडी थाना पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए भोपाल निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब दो लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में प्रयुक्त बाइक सहित कुल 3 लाख 10 हजार रुपए का माल बरामद किया है. आरोपियों ने पूछताछ में जावर-पार्वती थाना क्षेत्र सहित अन्य जिलों में भी चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंडी थाना क्षेत्र में एक मकान के मुख्य दरवाजे और अलमारी के ताले तोड़कर अज्ञात बदमाश सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए थे. सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अर्चना सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम गठित की गई. सीसीटीवी फुटेज और साइबर टीम से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस देवास पहुंची. यहां ब्रिज स्टॉपेज के पास तीन संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की गई. उन्होंने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया. तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेजा गया. आरोपियों में भारत अहिरवार, अभिषेक कुशवाह और चिराग पाठक शामिल हैं. तीनों भोपाल करोंद क्षेत्र के निवासी हैं.
