नीमच: सोना-चांदी के भाव गिर रहे हैं, लेकिन ग्राहक खरीदारी का फैसला नहीं कर पा रहे। तेजी के दौरान ऊंचे भाव पर खरीदारी करने वाले अब मंदी में भी और सस्ता होने के इंतजार में हैं। बीते 15 दिनों में चांदी करीब 18 हजार रुपए और सोना 2 से 3 हजार रुपए तक सस्ता हुआ है। इसके बावजूद नीमच के सराफा बाजार में ग्राहकी की रफ्तार धीमी है। ऐसे में कारोबारियों और ग्राहकों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि मौजूदा भाव पर खरीदारी करें या अभी और गिरावट का इंतजार करें।
नीमच के पारसमणि ज्वैलर्स के रितेश गर्ग के अनुसार, चांदी 2 लाख 35 हजार से घटकर 2 लाख 17 हजार और सोना 1 लाख 50 हजार से गिरकर 1 लाख 47 हजार के स्तर पर आ गया है। डॉलर में कमजोरी और रुपए की मजबूती का असर भी भावों पर पड़ा है। उनका मानना है कि शादी-ब्याह और जरूरी खरीदारी करने वालों के लिए मौजूदा भाव अवसर हो सकते हैं। सराफा के पूर्व अध्यक्ष संदीप चौधरी का कहना है कि तेजी में लोग महंगे भाव पर भी खरीदारी करते हैं, लेकिन गिरावट आने पर और सस्ता होने की उम्मीद में रुक जाते हैं। उनके अनुसार, भावों में आगे कितनी गिरावट आएगी, यह तय नहीं है और तेजी लौटने पर कीमतें फिर बढ़ सकती हैं।
वहीं, व्यापारी नकुल सराफ का अनुमान है कि दिवाली तक सोना-चांदी सीमित दायरे में रह सकते हैं। उनके मुताबिक, सोना 1 लाख 42 हजार से 1 लाख 45 हजार रुपए और चांदी 1 लाख 90 हजार से 2 लाख रुपए के स्तर तक या वर्तमान के आसपास रह सकते है। अंतरराष्ट्रीय बाजार की हलचल और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों का असर भी भावों पर पड़ रहा है।
श्राद्ध के दौरान कमजोर रही ग्राहकी के बाद अब दशहरा, दिवाली और शादी-ब्याह के सीजन से कारोबारियों को बाजार में रौनक लौटने की उम्मीद है। हालांकि, फसल की आवक में देरी, बारिश से खेती पर पड़े असर और नकदी की कमी के कारण ग्रामीण ग्राहकी प्रभावित हो रही है। फिलहाल नीमच के सराफा बाजार में भाव घटने के बावजूद ग्राहक इंतजार कर रहे हैं, जबकि कारोबारी खरीदारी करने की सलाह दे रहे हैं। बाजार की अगली चाल अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और त्योहारी मांग पर निर्भर करेगी।
