रीवा: रीवा संभाग कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने संभागीय समय सीमा की बैठक में कृषि उपज मंडी के प्रबंधक को निर्देश दिए कि वह यह सुनिश्चित करें कि संभाग के सभी जिलों की कृषि उपज मंडी की वह जमीन जो अब तक राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है वह प्राथमिकता से राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज हो जाए.कमिश्नर ने कृषि उपज मंडियो की जो जमीन अभी तक राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए. कमिश्नर ने नागरिक आपूर्ति विभाग के प्रबंधक को खाद्यान्न का उठाव करने के निर्देश दिए साथ ही खाद्यान्न का वितरण भी शत-प्रतिशत करने के निर्देश दिए.
कमिश्नर ने उपायुक्त सहकारिता को निर्देश दिए कि जो समितियां खाद बीज का भंडारण करने में सक्षम हैं वे सभी समितियां खाद की एडवांस लिफ्टिंग करने का कार्य करती रहें. कमिश्नर ने कहा कि अभी से खाद का एडवांस लिफ्टिंग करने से अचानक मांग बढऩे से सप्लाई बाधित नहीं होगी, अत: खाद-बीज का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित किया जाए. संभागीय समय सीमा की बैठक से लगातार अनुपस्थित रहने पर कमिश्नर ने वन विभाग के डीएफओ के प्रति सख्त नाराजगी व्यक्त की और निर्देश दिए की वन विभाग को पत्र लिखकर बैठक में डीएफओ की उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए. कमिश्नर ने बैठक में 100 दिवस से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा की और महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग, पीएचई एवं अन्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपनी बढ़ती हुई सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का निराकरण जल्द से जल्द करना सुनिश्चित करें.
