सिंगरौली : नपानि की आयुक्त सविता प्रधान ने नगर निगम सभागार में बैठक आयोजित कर नगरीय क्षेत्र में संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराए जाएं तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। आयुक्त ने राजीव चौक से इंद्रा चौक तक निर्माणाधीन मॉडल रोड के डामरीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य निरंतर जारी रखने तथा निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कार्य की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही वर्षा के कारण नगरीय क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में क्षतिग्रस्त सड़कों का सर्वे कराकर शीघ्र मरम्मत कराने तथा सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों एवं अस्पतालों के आसपास की सड़कों को प्राथमिकता से दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों, विद्यार्थियों एवं मरीजों को आवागमन में असुविधा न हो। बैठक में आयुक्त ने राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम के समतलीकरण एवं ट्रैक निर्माण के लिए आवश्यक प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
