इंदौर: शहर में अज्ञात बदमाशों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मकानों के ताले तोड़कर सोने चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली. तिलक नगर और कनाड़िया थाना क्षेत्रों में भी घरों को निशाना बनाया, वहीं द्वारकापुरी स्थित शीतलनाथ जैन श्वेतांबर मंदिर से बदमाश दान पेटी, उसमें रखी नकदी और चांदी के सिक्के चुरा ले गए. संबंधित मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है.
तिलक नगर थाना क्षेत्र के परिचारिका नगर स्थित ग्रीन लैंड अपार्टमेंट में बदमाशों ने एक फ्लैट को निशाना बनाया. कुसुम गुप्ता के घर में रखी अलमारी का ताला तोड़कर बदमाश चांदी की तीन जोड़ी पायल, गणेशजी की चांदी की मूर्ति, चांदी के 10 सिक्के, दो चांदी की चेन, ब्रेसलेट, बिछिया, नाक की लौंग, सोने की नथ, कान की बालियां और मंगलसूत्र सहित अन्य जेवर चुरा ले गए. फरियादी की बहू अंजली के कमरे में रखी चांदी की पायल, सोने के टॉप्स और अंगूठी के साथ करीब 85 हजार रुपए नकद भी चोरी हुए हैं. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
इसी तरह एक घटना कनाड़िया थाना क्षेत्र के ईएनआर स्टेट में हुई, जहां बदमाशों ने एक मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. यहां मौनिका कर्नावट के घर में घुसे बदमाश अलमारी का ताला तोड़कर सोने के दो जोड़ी टॉप्स, दो पेंडल और डायमंड लगा एक अन्य सोने का पेंडल ले गए. इसके अलावा तीन आर्टिफिशियल कुंदन घड़ियां, लेपक्रॉन कंपनी का नेकलेस और कान के टॉप्स भी चोरी हुए. दूसरे कमरे में रखी रोलेक्स कंपनी की घड़ी और करीब 70 से 80 हजार रुपए नकद भी गायब मिले, पुलिस मामले की जांच कर रही है.
तीन ताले तोड़कर घुसे बदमाशों ने दिया चोरी को अंजाम
बाणगंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत सामने आए चोरी के मामले में बदमाश तीन ताले तोड़कर चोरी करने में सफल हो गए. अरविंदो अस्पताल के पीछे बरदरी स्थित पटेल कॉलोनी में इंद्रानी खिरोडकर जब अपने घर पहुंची तो घर के मुख्य गेट और बाहर लगे लोहे के गेट का ताला टूटा मिला. जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखी अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था. जांच करने पर एक सोने की अंगूठी, सोने की एक जोड़ी बालियां, पेंडल, चेन, चांदी के कड़े, पायल और पांच हजार रुपए नकद गायब मिले. पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.
मंदिर में दानपेटी को भी बनाया निशाना
द्वारकापुरी मेन रोड स्थित शीतलनाथ जैन श्वेतांबर मंदिर को भी बदमाशों ने निशाना बनाया. मंदिर ट्रस्ट से जुड़े चेतन भंडारी की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की है. अज्ञात बदमाश मंदिर की दान पेटी से करीब तीन महीने के दान की राशि, चांदी के सिक्के और अन्य सामग्री चुरा ले गए. बदमाश मंदिर में रखी एक अन्य छोटी दान पेटी भी चुरा ले गए. पुलिस मंदिर से चोरी हुए सामान और दान राशि का पता लगाने में जुटी है.
