रीवा: कलेक्टर कार्यालय में हर मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई से भी शिकायतकर्ताओं को राहत नही मिल रही. उनकी समस्याओं का निराकरण नही हो रहा है.
कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी के आने के बाद जनता मे उम्मीद जगी थी कि त्वरित निराकरण समस्याओं का होगा पर ऐसा नही हो रहा है. मंगलवार को जवा तहसील के भनिगवां बजरहा टोला के आवेदक अपनी आपबीती सुनाते रो पड़े और बताया कि 11 बार आवेदन देने के बाद भी न्याय नही मिला.
सरहंग उनकी जमीन पर घर बना रह है, शिकायत करने पर केवल आश्वासन मिल रहा है. मंगलवार को 640 लोग अपनी शिकायत लेकर पहुंचे, जिसमें ज्यादातर मामले जमीन से जुड़े हुए थे. पीडि़त वृद्ध भरतलाल निवासी भनिगवां बजरहा टोला ने बताया कि 1954 में उनके पिता ने जमीन खरीदी थी और दोनो भाईयों की जमीन थी. लेकिन अब उसी जमीन पर कुछ सरहंग घर बना रहे है, जबकि पूरे कागजात उनके पास है.
पीडि़त ने तहसीलदार एवं पटवारी पर आरोप लगाते हुए बताया कि सांठगांठ करके जमीन में नाम परिवर्तन कर दिया है. लगातार शिकायत कर रहे है न तो तहसीलदार सुन रहे और न ही स्थानीय पुलिस, कलेक्टर के सामने भी तीन माह में 11 बार आवेदन देने के बाद न्याय नही मिला. वृद्ध का कहना है कि न्याय की उम्मीद के बीच केवल कार्यवाही का आश्वासन मिलता है.
