नवरात्रि पूजन में गया परिवार, फ्लैट का ताला तोड़कर चोरी

इंदौर: तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की वारदात हो गई. पत्थर मुंडला आरटीओ रोड स्थित छह मंजिला इमारत के सूने फ्लैट से चोर सोने चांदी के जेवर और नकदी ले गए, सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध नजर आए हैं.
फ्लैट में रहने वाले गोलू जायसवाल रविवार दोपहर करीब 3 बजे पत्नी और दोनों बच्चों के साथ बिहाड़िया में बड़े भाई के घर नवरात्रि पूजन और आरती में शामिल होने गए थे. शाम करीब 5.11 बजे पड़ोसियों ने उनके घर का ताला टूटा और मुख्य दरवाजा खुला देखा. सूचना मिलने पर गोलू घर पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था, बेडरूम की अलमारी के लॉक टूटे हुए थे. गोलू ने पुलिस को बताया कि चोर एक सोने की अंगूठी, सोने का मंगलसूत्र, करीब आधा किलो वजनी चांदी के अलग अलग आभूषण और नकदी ले गए.

तीन संदिग्ध सीसीटीवी कैमरे में कैद
घटना के बाद सोसाइटी के रहवासियों ने सीसीटीवी फुटेज देखे, जिनमें दो संदिग्ध सीढ़ियों से दूसरी मंजिल की ओर जाते दिखाई दिए, जबकि तीसरा बाइक लेकर बाहर खड़ा था. वह आसपास की गतिविधियों पर नजर रख रहा था. सोमवार को परिवार शिकायत लेकर थाने पहुंचा. रहवासियों ने पुलिस को बताया कि करीब चार महीने पहले इसी इमारत की तीसरी मंजिल पर भी चोरी हुई थी. उनका कहना है कि उस मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है. इमारत में चौकीदार भी रहता है, लेकिन वारदात के समय वह मौजूद नहीं था. पुलिस उससे भी पूछताछ कर सकती है. मामले में पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है.

Next Post

नवरात्रि में महिलाओं की सुरक्षा के लिए 15 शक्ति मोबाइल तैनात

Tue Oct 13 , 2026
इंदौर:नवरात्रि के दौरान गरबा पंडालों और धार्मिक आयोजनों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं. शहर के सभी थाना क्षेत्रों में शक्ति मोबाइल तैनात की गई हैं, जो रात में पेट्रोलिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी.सोमवार को पलासिया स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय से 15 […]

You May Like

Play sound