3500 प्रतिभागियों ने बनाई भव्य मानव रंगोली, दिया सशक्त मां-सशक्त भारत का संदेश

झाबुआ: झाबुआ में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा के रंग राष्ट्र के संग कार्यक्रम का आयोजन पीजी कॉलेज ग्राउंड, झाबुआ में महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम में लगभग 3500 स्कूली छात्राओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने सहभागिता करते हुए ‘सशक्त मां-सशक्त भारत’ की थीम पर भव्य मानव रंगोली का निर्माण किया। इसके माध्यम से मातृशक्ति के सशक्तिकरण, मां-बच्चे के भावनात्मक संबंध और सशक्त परिवार से सशक्त राष्ट्र के निर्माण का संदेश दिया गया।

सशक्त मां से बनेगा सशक्त राष्ट्र

मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने आयोजन की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों, आयोजकों एवं जिला प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मानव रंगोली के आयोजन के लिए चयनित छह जिलों में झाबुआ का शामिल होना गौरव की बात है। जनजातीय बहुल जिले ने सामूहिक सहभागिता, रचनात्मकता एवं अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।

उन्होंने कहा कि मां परिवार की आधारशिला होती है। एक सशक्त, शिक्षित एवं जागरूक मां बच्चों के उज्ज्वल भविष्य तथा सशक्त समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। महिलाओं एवं बालिकाओं का सशक्तिकरण शासन की प्रमुख प्राथमिकता है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं आत्मनिर्भरता के माध्यम से मातृशक्ति को मजबूत बनाने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

सामूहिक सहभागिता से सफल हुआ आयोजन

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह आयोजन बेहतर समन्वय, टीमवर्क और जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है।

मानव रंगोली की डिजाइन पीटीआई अमजद खान ने सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती सुप्रिया बिसेन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग सुश्री मोनिका बघेल के मार्गदर्शन में तैयार की। आयोजन में जिला अध्यक्ष भानु भूरिया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान, एसडीएम महेश मंडलोई सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

जयप्रकाश नारायण की जयंती पर राजधानी में पंचायती राज व्यवस्था पर चर्चा

Mon Oct 12 , 2026
नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर (वार्ता) विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के लिए देश में पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत बनाने को जरूरी बताते हुए राजनीति और सामाजिक क्षेत्र के विशेषज्ञों और सामाजिक संगठनों के प्रतिधियों ने पंचायती राज संस्थानों के काम में सुधार, पंचायतों के प्रतिनिधियों के प्रशिक्षण, उनकी गुणात्मक भागीदारी […]

You May Like

Play sound