श्रमोदय विद्यालय के हॉस्टल के खाने में मिली मरी हुई छिपकली, 13 बच्चों की तबीयत बिगड़ी

भोपाल। मुगालिया छाप-नीलबड़ स्थित शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय के बॉयज हॉस्टल में शनिवार रात भोजन के दौरान एक थाली में आलू की सब्जी के साथ मरी हुई छिपकली दिखाई देने की बात सामने आई. इसके बाद करीब 13 बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई. सभी को रात करीब 10:30 बजे जेपी अस्पताल ले जाया गया. जिसमें से छह बच्चे अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं और उन्हें निगरानी में रखा गया है. बाकी बच्चों की स्थिति गंभीर नहीं होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई है.

सूचना मिलते ही रोका भोजन वितरण 

हॉस्टल में रात 8 बजे से भोजन वितरण शुरू होता है1 पहले छठवीं से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को खाना दिया जाता है. भोजन गर्ल्स हॉस्टल की मेस में तैयार होता है, जिसके बाद उसका एक हिस्सा बॉयज हॉस्टल में भेजा जाता है. शनिवार रात भोजन वितरण के दौरान एक थाली में आलू की सब्जी के साथ छिपकली दिखाई देने की जानकारी ग्रुप कैप्टन को दी गई. इसके बाद भोजन वितरण रोक दिया गया. बाद में नया खाना तैयार कर रात 11 बजे के बाद विद्यार्थियों को परोसा गया.

-हॉस्टल में रहते हैं 1120 विद्यार्थी

श्रमोदय आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में छठवीं से 12वीं कक्षा तक के कुल 1120 विद्यार्थी रहते हैं. इनमें 560 छात्र और 560 छात्राएं शामिल हैं. दोनों के लिए अलग-अलग भवन हैं. रातीबड़ थाना प्रभारी रासबिहारी शर्मा ने बताया कि बच्चों की तबीयत बिगडऩे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की सूचना मिली थी. मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने खाने में छिपकली मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. स्कूल की प्रिंसिपल रतना दुबे से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका जवाब नहीं मिला.

इनका कहना है.

छह बच्चे अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं. बाकी बच्चों की छुट्टी कर दी गई है. और इन छह बच्चों को एहतियात के तौर पर डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है.

डॉ. मनीष शर्मा,सीएमएचओ,भोपाल

Next Post

ट्रंप की रूसी डीज़ल समझौते पर दोनों पार्टियों ने सवाल उठाए, रिपब्लिकन ने यूक्रेन पर उनकी टिप्पणी का किया विरोध

Sun Oct 11 , 2026
वॉशिंगटन, 11 अक्टूबर (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अमेरिका और वैश्विक बाजार में रूसी डीज़ल की आपूर्ति की इजाज़त देने की योजना की रिपब्लिकन और डेमोक्रेट दोनों ने आलोचना की है। गौरतलब है कि इससे मॉस्को पर दबाव कम करने को लेकर उनकी पार्टी में मतभेद सामने आए हैं, […]

You May Like

Play sound