मुंबई, 10 अक्टूबर (वार्ता) शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने शनिवार को एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और अगले छह महीनों में, यानी मार्च-अप्रैल तक यह सरकार गिर जाएगी।
श्री राउत ने यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि देश भर में जनता का गुस्सा फूट पड़ा है, जिसे अब कोई दबा नहीं सकता। उन्होंने दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और एसआईआर के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे इंडिया गठबंधन के नेताओं पर की गई पुलिस कार्रवाई, पुणे में एमपीएससी छात्रों के विरोध प्रदर्शन को कुचलने की कोशिशों और विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारियों को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की। श्री राउत ने कहा कि व्यापारियों की चलाई जा रही यह सरकार जनता से डरी हुई है और उसने खुद को अंदर से बंद कर लिया है।
उन्होंने विरोध कर रहे युवाओं और विपक्षी नेताओं को कथित तौर पर “मच्छर-मक्खी” कहे जाने पर बॉलीवुड फिल्म ‘यशवंत’ का जिक्र करते हुए कहा कि “एक मच्छर पूरे तंत्र को बेबस कर देता है।” उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी और अमित शाह उसी दमनकारी नीति को अपना रहे हैं जिसका इस्तेमाल अंग्रेजों ने स्वतंत्रता सेनानियों के खिलाफ किया था। श्री राउत ने पुलिस बल से भी अपील की कि वे जनता और संविधान की रक्षा करें तथा सरकार के गैर-कानूनी आदेशों को मानने से इनकार करें।
श्री राउत ने भविष्यवाणी की कि आने वाले छह महीनों में देश में बड़ा राजनीतिक उलटफेर होगा और 1947 की तर्ज पर सभी दलों को मिलाकर एक अंतरिम राष्ट्रीय सरकार का गठन किया जाएगा। उन्होंने युवाओं और देशवासियों से लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए इस ‘दूसरे स्वतंत्रता संग्राम’ में खुलकर हिस्सा लेने का आह्वान किया।
