
झाबुआ. मध्य प्रदेश के आदिवासी अंचल झाबुआ जिले की ग्राम पंचायत गुणावद के अंतर्गत आने वाले ग्राम पीपलीपाड़ा में भीषण आग लगने से तीन मकान जलकर नष्ट हो गए। आगजनी की इस घटना में घरों में रखा सामान भी जलकर खाक हो गया, जिससे तीनों आदिवासी परिवारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद तीनों परिवार बेघर हो गए हैं। वहीं, उनके सामने आजीविका चलाने का संकट भी खड़ा हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पीपलीपाड़ा निवासी कोदर पिता कचरू, सुभाष पिता कोदर और दिलीप पिता कोदर के मकानों में आग लगने से वे पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए और आग बुझाने में सहयोग किया। बताया जा रहा है कि दमकल वाहन के मौके पर पहुंचने में कुछ विलंब हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस द्वारा आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित तीनों परिवारों को तत्काल उचित राहत प्रदान की जाए। साथ ही, उनके भोजन और रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए हुए हुए हुए उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि संकट की इस घड़ी में परिवारों को राहत मिल सके।