
इंदौर. ऑनलाइन क्रिकेट और कैसीनो सट्टेबाजी के मामले में क्राइम ब्रांच को सात करोड़ रुपए के हिसाब किताब वाले रजिस्टर मिले हैं. शहर में सट्टेबाजी के नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. आरोपियों से लैपटॉप, नौ मोबाइल फोन, छह एटीएम कार्ड, दो बैंक चेकबुक और सात हजार रुपए नकद जब्त किए हैं.
जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 2.97 लाख रुपए है.
उक्त कार्रवाई यश शुक्ला उम्र 23 साल, आकाश जिंदल उम्र 27 साल और गौरव यादव उम्र 23 साल के खिलाफ की है. यश उत्तर प्रदेश के ललितपुर का रहने वाला है और मंडी में आढ़त का काम करता है. आकाश नीमच का रहने वाला है और वहां मंडी में आढ़तिया है, जबकि गौरव उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ का रहने वाला है और मोटर वाइंडिंग का काम करता है. ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए पावरड्रीम्स डॉट काम प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा रहा था. कार्रवाई में जब्त रजिस्टरों में सात करोड़ रुपए के हिसाब किताब का ब्योरा दर्ज है. पुलिस अब लैपटॉप और मोबाइल फोन में उपलब्ध डिजिटल जानकारी, बैंकिंग दस्तावेजों तथा वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है. जांच का उद्देश्य सट्टेबाजी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करना और रजिस्टरों में दर्ज लेन देन की वास्तविकता का पता लगाना है.
नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका खोजी जा रही है: डीसीपी
क्राईम ब्रांच के डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि ऑनलाइन क्रिकेट और कैसीनो सट्टेबाजी से जुड़े मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सात करोड़ रुपए के हिसाब-किताब वाले रजिस्टर जब्त किए हैं. डिजिटल उपकरणों और वित्तीय लेन देन की जांच जारी है. नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी पता की जा रही है.
