
इंदौर. छोटा बांगड़दा लोक स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा को लेकर खाद्य विभाग की टीम ने आज छोटा बंगर्दा स्थित आयुष बेकरी का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान बेकरी में खाद्य पदार्थों के निर्माण को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आने का दावा किया गया है. मौके पर अत्यधिक गंदगी के बीच केक का निर्माण होता पाया गया, जबकि बेकरी के बाहर कचरा डंप मिला और उसी के समीप केक का बेस तैयार किया जा रहा था.
निरीक्षण के दौरान प्रिपरेशन टेबल पर चींटियां और मक्खियां घूमती हुई पाई गईं, जिससे खाद्य स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं. टीम को बेकरी के फ्रीज और फ्रीजर भी बेहद गंदे हालत में मिले. निरीक्षण के दौरान एक्सपायर्ड चेरी का इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई. इतना ही नहीं, मौके पर कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र और पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं पाए गए. ऐसे में खाद्य निर्माण एवं स्वच्छता मानकों के पालन को लेकर विभाग ने गंभीरता दिखाई है.
ग्रामीण इलाकों तक पहुंच रहा था तैयार केक
बताया गया कि आयुष बेकरी में तैयार होने वाले केक को आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सेल्समैन के माध्यम से बेचा जाता है. ऐसे में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी इन कमियों का असर बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं तक पहुंचने की आशंका को देखते हुए विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है.
लोक स्वास्थ्य के हित में सख्त कदम की तैयारी
निरीक्षण में सामने आई कमियों को देखते हुए लोक स्वास्थ्य के हित में आयुष बेकरी के खाद्य पंजीयन को वर्तमान में निलंबित किए जाने का प्रस्ताव किया गया है. विभाग की इस प्रस्तावित कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति है.
यहां भी किया निरीक्षण
दीपनीषा गृह उद्योग, सांवरिया नगर एवं किशन चिप्स एंड फूड प्रोडक्ट, सांवेर रोड इंडस्टि्रयल एरिया का निरीक्षण किया गया. दीपनीषा गृह उद्योग में खाद्य कर्मियों के लिए स्वच्छ वस्त्र, हेड कैप एवं एप्रन, प्रसंस्करण हेतु आरओ पानी, पृथक वाशिंग एरिया तथा पैकेजिंग लेबल की व्यवस्था में कमियां पाई गईं. वहीं किशन चिप्स एंड फूड प्रोडक्ट में कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र, पेस्ट कंट्रोल अभिलेख एवं सामग्री रखरखाव में अनियमितता मिली. दोनों प्रतिष्ठानों के संचालकों को सुधार सूचना पत्र जारी किए गए. दीपक गुप्ता की उपस्थिति में राजगिरा लड्डू तथा किशन कुमावत की उपस्थिति में चिप्स के नमूने जांच हेतु भोपाल भेजे गए.
