
श्यामपुर। ग्राम मुख्तार नगर में बीती शाम रतनजोत के बीज खाने से छह बच्चों की तबीयत बिगड़ गई. खेत में खेलते समय बच्चों ने रतनजोत के फल के बीज खा लिए. कुछ देर बाद उनकी हालत बिगडऩे लगी और वे बेसुध होने लगे. परिजन उन्हें तत्काल स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सीहोर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
जानकारी के अनुसार इन दिनों क्षेत्र में सोयाबीन की कटाई का काम चल रहा है. मुख्तार नगर निवासी किसान खेत में सोयाबीन की कटाई में व्यस्त थे, जबकि उनके बच्चे आसपास खेल रहे थे. इसी दौरान बच्चों ने खेत में लगे रतनजोत के पौधे के फल से निकले बीज खा लिए. बीज खाने के कुछ समय बाद बच्चों को उल्टी, चक्कर और कमजोरी जैसी शिकायत होने लगी. हालत बिगडऩे पर वे बेसुध होने लगे, जिसके बाद परिजन घबरा गए और सभी बच्चों को स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन बच्चों की स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया जहां बच्चों का उपचार जारी है. चिकित्सकों के मुताबिक कुछ बच्चों की हालत स्थिर है, जबकि कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल है.
