
जबलपुर। संजीवनी नगर थाना अंतर्गत अंधमूक बायपास ओवरब्रिज के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार बुजुर्ग को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बुजुर्ग का सिर और चेहरा बुरी तरह कुचल गया, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सगोड़ी निवासी रामसेवक तिवारी (65) मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 एम सी 0339 से जा रहे थे। अंधमूक बायपास ओवरब्रिज डाउन कटनी रोड सर्विस लाइन पर पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों की मदद से 108 एम्बुलेंस को बुलाया गया। एम्बुलेंस से रामसेवक तिवारी को तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में बुजुर्ग का चेहरा पूरी तरह विक्षत हो गया था और हाथ में भी गंभीर चोटें आई थीं। दुर्घटना में उनकी मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
