
रीवा. मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग भोपाल की अध्यक्ष श्रीमती रेखा यादव एवं सदस्यों द्वारा बुधवार को रीवा कलेक्ट्रेट स्थित मोहन सभागार में जन समस्या निवारण शिविर/संयुक्त बेंच का आयोजन किया गया। प्रातः 10 बजे से सायं 5:30 बजे तक आयोजित संयुक्त बेंच में महिलाओं से संबंधित विभिन्न शिकायतों एवं प्रकरणों की सुनवाई की गई।
शिविर में कुल 42 प्रकरण प्रस्तुत हुए, जिनमें 37 प्रकरणों में दोनों पक्ष उपस्थित रहे। आयोग की अध्यक्ष एवं सदस्यों द्वारा दोनों पक्षों की बात सुनी गई तथा संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्यवाही एवं निराकरण के संबंध में निर्देश दिए गए। प्रकरणों से संबंधित थाना प्रभारी भी संयुक्त बेंच में उपस्थित रहे।
संयुक्त बेंच में महिला प्रताड़ना, आत्महत्या, अपहरण, संपत्ति विवाद, दहेज प्रताड़ना, बलात्कार, मारपीट, घरेलू अत्याचार, कार्यस्थल पर प्रताड़ना, मानसिक प्रताड़ना एवं हत्या सहित महिलाओं से संबंधित विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई। आयोग द्वारा प्रत्येक प्रकरण में तथ्यात्मक स्थिति की जानकारी लेते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में रीवा कलेक्टर ने भी सहभागिता की। संयुक्त बेंच में राजस्व विभाग से संबंधित 03 प्रकरण भी प्रस्तुत हुए, जिनके संबंध में कलेक्टर द्वारा प्रकरणों का परीक्षण कर नियमानुसार निराकरण किए जाने का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर आयोग की सदस्य श्रीमती साधना स्थापक, सदस्य सचिव श्री सुरेश तोमर, विधि अधिकारी श्री आनंद शर्मा एवं निज सचिव श्री दीप मिश्रा उपस्थित रहे। शिविर के आयोजन में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री नयन सिंह, सहायक संचालक श्री जीवेन्द्र सिंह, सहायक संचालक श्री अरूणेश तिवारी, संरक्षण अधिकारी श्रीमती स्वाति श्रीवास्तव, श्रीमती दिव्या तिवारी, श्री क्षितिज तिवारी, श्रीमती रेखा चतुर्वेदी एवं श्रीमती सलमा खान उपस्थित रहे।
संयुक्त बेंच की कार्यवाही पूर्ण होने के पश्चात राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष एवं सदस्यगण सायंकाल सतना जिले के चित्रकूट धाम के लिए प्रस्थान करेंगे।
