
सिंगरौली । संतान की दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर जीवित्पुत्रिका व्रत (जिउतिया) के अवसर पर शिवधाम मंदिर वैढ़न में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं ने मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और अपनी संतानों के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालु महिलाओं की आवाजाही बनी रही। व्रती महिलाओं ने परंपरानुसार पूजा-अर्चना कर भगवान से परिवार की सुख-शांति और संतानों के उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना की। पूजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया। शिवधाम मंदिर के महाप्रबंधक एवं ज्योतिषविद् पं. डॉ. एनपी मिश्र के सानिध्य में पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। उन्होंने जीवित्पुत्रिका व्रत की धार्मिक मान्यता और संतान के कल्याण के लिए किए जाने वाले इस व्रत के महत्व की जानकारी दी। श्रद्धालु महिलाओं ने पूरे श्रद्धाभाव से पूजा में सहभागिता की और व्रत की परंपरा का निर्वहन किया।
