भाजपा ने फिर लहराया परचम, प्रदीप सोनी बने नगर परिषद अध्यक्ष

सुसनेर, नगर परिषद सुसनेर के अध्यक्ष पद के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर अपना परचम लहराते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा बरकरार रखा. भाजपा प्रत्याशी प्रदीप सोनी ने कांग्रेस प्रत्याशी विष्णु पाटीदार को 960 मतों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की. प्रदीप सोनी को कुल 5663 मत प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी विष्णु पाटीदार को 4703 मत मिले, वहीं 149 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना.

शनिवार सुबह 9 बजे डाक रोड स्थित आईटीआई कॉलेज में मतगणना प्रक्रिया शुरू हुई.कुल दो राउंड में मतों की गणना पूरी की गई. पहले राउंड से ही भाजपा प्रत्याशी प्रदीप सोनी ने बढ़त बना ली थी. दूसरे राउंड की गणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किया गया, जिसमें प्रदीप सोनी ने 960 मतों से जीत दर्ज की.

जीत की घोषणा होते ही जश्न, निकाला विजय जुलूस

प्रदीप सोनी की जीत की घोषणा होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया. कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया. इसके बाद डाक रोड स्थित आईटीआई कॉलेज से भाजपा प्रत्याशी का विजय जुलूस निकाला गया, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा. रास्ते में जगह-जगह नागरिकों एवं समर्थकों ने प्रदीप सोनी का स्वागत किया.

960 मतों की जीत ने साफ की तस्वीर

नगर परिषद अध्यक्ष पद के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रदीप सोनी की 960 मतों की जीत के साथ ही चुनावी मुकाबले का परिणाम स्पष्ट हो गया. दो राउंड की मतगणना में भाजपा ने बढ़त बनाए रखी. अब नवनिर्वाचित अध्यक्ष के सामने नगर के विकास, वार्डों की समस्याओं और नागरिकों की अपेक्षाओं को पूरा करने की चुनौती रहेगी.

प्रशासन रहा मुस्तैद

मतगणना के दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. आईटीआई कॉलेज परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. मतगणना स्थल पर पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारियों द्वारा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की गई. शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से मतगणना प्रक्रिया संपन्न कराई गई.

9 वार्डो में भाजपा तो 6 वार्डों में कांग्रेस का कब्जा

नगर परिषद के 15 वार्डों के पार्षद पद के चुनाव परिणाम में भी भाजपा ने बढ़त दर्ज की. भाजपा के प्रत्याशी 9 वार्डों में विजयी रहे, जबकि कांग्रेस को 6 वार्डों में जीत मिली. अध्यक्ष पद के साथ ही वार्डों के परिणाम ने भी परिषद में भाजपा की स्थिति को मजबूत किया है.

भाजपा के कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत…

जीत के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रदीप सोनी ने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के विश्वास, मेहनत और समर्पण की जीत है. उन्होंने कहा कि नगर के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी तथा जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी. उन्होंने चुनाव में सहयोग एवं समर्थन देने वाले पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया.

Next Post

प्रसव पीड़ा से तड़पती गर्भवती को नहीं किया भर्ती, गांव में करानी पड़ी डिलीवरी

Sat Oct 3 , 2026
भानपुरा। सरकार द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने तथा संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन भानपुरा के सिविल अस्पताल से सामने आया एक मामला इन दावों पर सवाल खड़े कर रहा है। ग्राम पंचायत नावली निवासी गर्भवती महिला रेखा पति मुकेश […]

You May Like

मनोरंजन