नयी दिल्ली 03 अक्टूबर (वार्ता) विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने विश्व समुदाय से इस्लामिक कट्टरपंथ को परास्त करने के लिए साझा रणनीति अपनाने की अपील की है। विहिप के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री डॉ. सुरेंद्र जैन ने शनिवार को यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अपनी जान की बाजी लगाकर 174 लोगों की जिंदगी बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार की प्रशंसा की और कहा कि उन्होंने जिस तरह से शौर्य का प्रदर्शन करके 9/11 की घटना की पुनरावृति के लिए रचे गये षड्यंत्र को विफल किया, उसके लिए परिषद उनका अभिनन्दन करती है। उन्होंने कहा, ” मौजूदा समय में कट्टरपंथी इस्लाम सम्पूर्ण मानवता के लिए चुनौती बना हुआ है। इससे पीड़ित विश्व समुदाय इस पर चिन्ता तो करता है, लेकिन कार्रवाई नहीं करता। अब समय आ गया है कि सम्पूर्ण विश्व इस चुनौती को परास्त करने के लिए साझा रणनीति अपनाये।”
उन्होंने कहा कि भारत लंबे समय से इस बर्बर मानसिकता से पीड़ित है। कट्टरपंथी इस्लाम से जितना संघर्ष भारत को करना पड़ा है, उतना किसी अन्य देश को नहीं। इसी मानसिकता के कारण धर्म के आधार पर भारत के कष्टकारी विभाजन हुए। उसके बाद देश को इस मानसिकता से मुक्ति मिल जानी चाहिए थी, लेकिन धर्मनिरपेक्ष राजनीति के नाम पर तुष्टिकरण ने भारत को इस पीड़ित से और अधिक त्रस्त कर दिया है।
उन्होंने कहा कि हिन्दुओं के धार्मिक आयोजनों पर जेहादियों के हमले, हिन्दू कन्याओं का लव जेहाद के नाम पर बलपूर्वक या धोखा देकर अपहरण, हिन्दू बस्तियों पर हमले प्रतिदिन के विषय बनते जा रहे हैं। कोई भी बहाना बनाकर हिन्दुओं की हत्या करने का सिलसिला रुकता हुआ नहीं दिखाई दे रहा है। डॉ. जैन ने देशवासियों से अपील की है कि अपने दलगत और निहित स्वार्थों से ऊपर उठकर अपने देश को इस संकट से बचाने का प्रयास करें। यह स्वार्थी इस्लामिक शक्तियाँ और उनके घोषित-अघोषित प्रवक्ता बार.बार मुस्लिम समाज को भड़का कर भारत के एक और विभाजन की धमकी देते रहते हैं। यह परिस्थिति किसी भी देशभक्त भारतीय के लिए स्वीकार्य नहीं हो सकती।

