सतना: जिले के कोटर थाना क्षेत्र के गौरइया गांव में शुक्रवार देर शाम चौराहे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बदमाशों ने चार युवकों को घेरकर चाकू और तलवार से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में चारों युवक घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।घायलों को परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की पहचान शैलेंद्र सिंह (35), धीरज सिंह (26), दोनों निवासी बरदाडीह तथा संदीप सिंह (27) और रजनीश सिंह निवासी इटौर के रूप में हुई है।
घायलों का आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर विनय पाल ने अपने भाई पंकज पाल और रामू, अर्पित, बालगोविंद, बुल्लन, अमित सहित अन्य साथियों के साथ मिलकर हमला किया। बताया गया कि आरोपियों ने पहले शैलेंद्र और धीरज को घेर लिया और चाकू व तलवार से पेट तथा पीठ पर वार किए। दोनों को बचाने पहुंचे संदीप और रजनीश को भी आरोपियों ने निशाना बना लिया। सरेराह हुई मारपीट और हथियारों से हमले के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। सडक़ पर घायल पड़े युवकों को देखकर स्थानीय लोगों ने उनके परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
पुरानी रंजिश का आरोप
घायलों के मुताबिक 22 अगस्त को शैलेंद्र के एक रिश्तेदार का विनय पाल से विवाद हुआ था। इसी मामले में शैलेंद्र अपने रिश्तेदार के साथ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने गया था। आरोप है कि इसके बाद से विनय पाल शैलेंद्र पर गवाही से हटने का दबाव बना रहा था और उसे धमकियां दी जा रही थीं। घायलों ने दावा किया कि पुलिस को भी इस संबंध में जानकारी दी गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़े।
आरोपियों की तलाश जारी
इधर कोटर थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। विनय पाल सहित अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही हमले की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा।
