
सिंगरौली। ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन से प्रभावित परिवारों की लंबित मांगों को लेकर ग्राम झोंखो में शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। आज शुक्रवार को धरना स्थल पर सैकड़ों प्रभावित परिवारों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने आंदोलन की गंभीरता को सामने रखा। प्रदर्शनकारियों ने दो टूक कहा कि मांगों का समाधान होने तक आंदोलन पीछे नहीं हटेगा। किसान कांग्रेस सिंगरौली ग्रामीण के अध्यक्ष अशोक सिंह पैगाम की अध्यक्षता में चल रहे धरने का नेतृत्व नारायण साहू कर रहे हैं। प्रभावित परिवारों का कहना है कि रेलवे परियोजना के लिए जमीन और अन्य संसाधनों से जुड़े मामलों में उनकी लंबित मांगों का निराकरण अब जरूरी है। लगातार आश्वासन के बजाय ठोस कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन धरने का रास्ता अपनाया है। धरना स्थल पर संजय द्विवेदी, अनिल प्रजापति, सत्यालाल साहू, कृष्ण कुमार साहू, रमेश साहू, सुख सेन बैग और बहोरन बैग सहित बड़ी संख्या में प्रभावित परिवार एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांगों पर तत्काल पहल कर लंबित समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है।
