बिप्लब देब बोले- संगठन मजबूत करें, सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं

भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री, प्रदेश प्रभारी और सांसद बिप्लब कुमार देब ने भोपाल में हुई संगठनात्मक बैठकों के बाद पार्टी की आगामी कार्यदिशा को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि दो दिनों तक संगठन की मजबूती, सरकार के साथ बेहतर समन्वय और जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी बनाने को लेकर व्यापक चर्चा हुई। प्रदेश के पदाधिकारियों, विभागों और मोर्चों के प्रभारियों के साथ भी संवाद किया गया।

बिप्लब देब ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष से लेकर बूथ स्तर तक सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करें। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा संगठन की प्राथमिकता है। योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन और उनके निरंतर फॉलोअप की जिम्मेदारी भी संगठन की है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता को सेवा का माध्यम मानती है और संगठन व सरकार के बेहतर तालमेल का सीधा लाभ जनता तक पहुंचना चाहिए। साथ ही उन्होंने संगठन में मतभेद के बजाय लोकतांत्रिक संवाद और सामूहिक निर्णय की परंपरा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शालीनता, अनुशासन और संवाद भाजपा की कार्यसंस्कृति का हिस्सा हैं।

राहुल गांधी के बालाघाट दौरे को लेकर बिप्लब देब ने कहा कि उनका स्वागत है, लेकिन आदिवासी समाज के बीच जाकर राहुल गांधी को कांग्रेस के लंबे शासनकाल में आदिवासी क्षेत्रों के विकास और वहां की समस्याओं के समाधान के लिए किए गए कामों का भी हिसाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी केवल भाजपा से सवाल न करें, बल्कि कांग्रेस के शासनकाल में इन समस्याओं के समाधान के लिए क्या कदम उठाए गए, यह भी जनता को बताएं।

बिप्लब देब ने कहा कि भाजपा दिखावे की राजनीति के बजाय निरंतर जनसेवा में विश्वास करती है और पार्टी का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि हर समय जनता के बीच रहता है।

Next Post

पत्रकारों की समस्याओं के निराकरण को लेकर 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन

Thu Oct 1 , 2026
अनूपपुर, प्रदेश के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों की समस्याओं के निराकरण, सुरक्षा, सम्मान एवं कल्याण को लेकर राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद द्वारा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री एवं आयुक्त जनसंपर्क, भोपाल के नाम 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन कलेक्टर अनूपपुर के माध्यम से प्रस्तुत किया […]

You May Like