प्रदर्शन के दौरान महिलाओं से बर्बरता आवाज दबाने का प्रयास : राहुल

नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन के दौरान छात्राओं और महिलाओं के साथ पुलिस बर्बरता कर उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है और यह सब एक साजिश के साथ किया जा रहा है।

श्री गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पुलिस प्रताड़ना की शिकार छात्राओं और महिलाओं से मुलाकात में उनकी आपबीती सुनने के बाद शनिवार को आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान छात्राओं और महिलाओं के साथ दिल्ली पुलिस ने यौन उत्पीड़न किया।

कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदर्शनकारी महिलाओं के कपड़े खींचे गये और निजी अंगों को छूने जैसी हरकतें हुई हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए आवाज उठाने वालों को डराने और उनकी आवाज दबाने की साजिश करार दिया है।

उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ लोकतंत्र को बचाने के लिए प्रदर्शन कर उठने वाली छात्राओं और महिलाओं की आवाज दबाने के लिए उनको डराने, धमकाने तथा अपमानित करने की पूरी कोशिश की जा रही है। सरकार साजिश कर उन्हें डरा रही हैं ताकि वे दोबारा सवाल उठाने की हिम्मत न करें।

कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जानते हैं कि जिस दिन सत्ता हाथ से गई, उस दिन उनकी मनमानी की कहानी खत्म हो जाएगी। उनका यही डर पुलिस तक पहुंचता है और हिंसा बनकर देश के युवाओं तथा महिलाओं पर टूट रहा है।

श्री गांधी ने सरकार को चुनौती देते हुए कहा “पुलिसिया दमन के दम पर जनता की आवाज दबाना संभव नहीं है, क्योंकि देश सच जान चुका है और सरकार लोगों को डरा-धमका नहीं सकती। अन्याय के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी।”

इसके साथ ही श्री गांधी ने एक वीडियो भी एक्स् पर पोस्ट किया है जिसमें ये महिलाएं उन्हें अपनी पीड़ा बता रही हैं। इन युवतियों ने श्री गांधी से यह भी कहा कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ छेड़छाड़ किया है। उनके अंग छुए हैं और ऐसा करने वाले पुरुष पुलिसकर्मी थे।

 

Next Post

विनष्टीकरण के बाद यूका के जहरीले कचरा में उपस्थित पारा की रिपोर्ट पेश हाईकोर्ट ने संबंधित पक्ष के सभी अधिवक्ता को अगली सुनवाई के दौरान उपस्थित रहने के दिये निर्देश

Sat Oct 17 , 2026
जबलपुर। भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री के जहरीले कचरे को जलाने के बाद निकली राख में पारा की मात्रा उपस्थित होने के संबंध में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के द्वारा हाईकोर्ट में रिपोर्ट पेश की गयी। हाईकोर्ट जस्टिस विवेक अग्रवाल तथा जस्टिस बी पी शर्मा की युगलपीठ ने रिपोर्ट को रिकॉर्ड […]

You May Like

Play sound