आज से महंगा हुआ दूध, 68 रुपए लीटर मिलेगा

इंदौर: इंदौर में दूध के दाम 1 अक्टूबर से बढ़ गए हैं. इंदौर दुग्ध विक्रेता संघ की बैठक में दूध के भाव में 3 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ोतरी का निर्णय लिया गया. अब दुकानों और डेयरियों पर उपभोक्ताओं को 68 रुपए प्रति लीटर की दर से दूध मिलेगा, जबकि घर पहुंच सेवा लेने पर 1 रुपए अतिरिक्त शुल्क देना होगा.संघ के अनुसार, दूध उत्पादक किसान लंबे समय से फैट के आधार पर खरीद मूल्य बढ़ाने की मांग कर रहे थे. इसी के तहत किसानों को अब 9.23 रुपए प्रति फैट की दर से भुगतान किया जाएगा. पहले यह दर 8.90 रुपए थी. यानी किसानों को प्रति फैट 33 पैसे का अतिरिक्त लाभ मिलेगा.

संघ अध्यक्ष भारत मथुरावाला ने बताया कि नए भाव 5.5 से 6 फैट वाले दूध को आधार मानकर तय किए गए हैं. बंदी भाव 62 रुपए से बढ़कर घर पहुंच सेवा शुल्क सहित 65 रुपए प्रति लीटर होगा, जबकि दुकानों और डेयरियों पर 68 रुपए प्रति लीटर दूध मिलेगा. संघ ने कहा कि पशु आहार की कीमतों में बढ़ोतरी, कम बारिश और दूध उत्पादन प्रभावित होने की स्थिति में भविष्य में कीमतों की फिर समीक्षा की जा सकती है. दूध की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए दूध वाहनों और उत्पादकों का खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत पंजीयन, प्रवेश बिंदुओं पर जांच और डेयरियों पर फैट की जानकारी प्रदर्शित करना जरूरी बताया गया है. साथ ही पशुओं में ऑक्सीटोसिन के इस्तेमाल पर रोक की जरूरत पर भी जोर दिया गया. वहीं, दूसरी ओर इस दूध के पास बढ़ने पर लोगों का बजट भी बिगड़ गया है खासकर महिलाओं के रसोई का बजट बिगड़ा है जिसे लेकर महिलाओं में भी काफी रोष है.

गृहिणियों ने कहा
दूध के दाम बढ़ने से महिलाओं की रसोई और घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ेगा. महंगाई पहले से बढ़ी हुई है और बजट सीमित है, ऐसे में परिवार को दूध समेत कई जरूरी चीजों की खपत में कटौती करनी पड़ेगी. इसका असर बच्चों और बुजुर्गों के पोषण पर भी पड़ सकता है.
– उषा मिश्रा, गृहिणी
दूध बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए जरूरी है. कीमत बढ़ने से खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की परेशानी बढ़ेगी. साथ ही दूध की गुणवत्ता और मिलावट की भी चिंता है. फैट के आधार पर कीमत बढ़ाई गई है, लेकिन उपभोक्ताओं के पास दूध की फैट जांचने की सुविधा नहीं होती. प्रशासन को दूध की गुणवत्ता और मिलावट पर सख्ती से निगरानी करनी चाहिए.

– पूजा गालांडे, गृहिणी

गुणवत्ता की जांच करना अनिवार्य
प्रत्येक डेयरी पर दूध की गुणवत्ता जांचने की मशीन उपलब्ध रखना अनिवार्य होगा. मशीन उपलब्ध नहीं होने पर संबंधित डेयरी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उपभोक्ता की मांग पर दूध की गुणवत्ता की जांच कराना अनिवार्य होगा.
– मनीष स्वामी, खाद्य अधिकारी

Next Post

चुनाव आयुक्त के इस्तीफे को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

Thu Oct 1 , 2026
इंदौर: बुधवार को शहर में देश के मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया. इस दौरान कलेक्टर कार्यालय के बाहर कांग्रेसियों और पुलिस के बीच जमकर धक्का मुक्की हुई. कांग्रेसियों ने प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला भी जलाया.एक दैनिक अखबार में मुख्य चुनाव […]

You May Like