इंदौर: बुधवार को शहर में देश के मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया. इस दौरान कलेक्टर कार्यालय के बाहर कांग्रेसियों और पुलिस के बीच जमकर धक्का मुक्की हुई. कांग्रेसियों ने प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला भी जलाया.एक दैनिक अखबार में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के एसआईआर, मतदाता सूची में 13 करोड़ लोगों के नाम हटाने और दो अन्य सदस्यों बलवीर सिंह संधू , विवेक जोशी की आपत्तियों को दरकिनार करने की जानकारी आमने आई है. उक्त मामले को लेकर देशभर में कांग्रेस द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता के इस्तीफे को लेकर प्रदर्शन कर रही है.
आज इंदौर में भी कांग्रेस ने हरसिद्धि चौराहे से कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकाला और प्रदर्शन किया. इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे लगाए. हरसिद्धि चौराहे से निकले मार्च को पुलिस ने कलेक्टर कार्यालय के बाहर बेरीकेट्स लगाकर रोक दिया. कांग्रेसियों ने बेरीकेट्स हटाने की कोशिश की. इस बीच पुलिस और कांग्रेसियों के बीच जमकर धक्का मुक्की हुई.
कांग्रेस ने बेरीकेट्स के पास ही ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाया. प्रदर्शन में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट भाटिया, युवक कांग्रेस अध्यक्ष अमित पटेल, प्रवक्ता राजेश चौकसे, प्रमोद द्विवेदी, संतोष सिंह गौतम, अमन बजाज, गिरधर नागर,पार्षद राजू भदौरिया, रफीक खान, अंसाफ अंसारी, प्रवेश यादव, अभिजीत शर्मा बिट्टू, संजय बाकलीवाल, मुकेशपुरी, मोतीसिंह पटेल, अमित चौरसिया,हिमानी सिंह,अनिल यादव सहित सभी ब्लॉक एवं वार्ड अध्यक्षों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे.
