
इंदौर. छोटा बांगड़दा क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 11.30 बजे नगर निगम के तेज रफ्तार पानी के टैंकर ने दोपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दोपहिया सवार बीटेक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया. दुर्घटना के बाद टैंकर चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन राहगीरों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. पिटाई के बाद चालक को पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
घटना वेदांत स्कूल के पास हुई . मूल रूप से कटनी निवासी अर्चिता झार अपने भाई प्रणय के साथ दोपहिया वाहन से जा रही थी. अर्चिता इंदौर की सिम्बायोसिस यूनिवर्सिटी से बीटेक की पढ़ाई कर रही थी. इसी दौरान सामने से आ रहे नगर निगम के पानी के टैंकर ने उनके वाहन को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि अर्चिता सड़क पर जा गिरी और टैंकर की चपेट में आ गई. गंभीर चोट आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, साथ सवार प्रणय को मामूली चोट आई. घटना के बाद चालक शुभम उर्फ सोहन चौकसे टैंकर लेकर मौके से भागने लगा. राहगीरों ने उसका पीछा कर घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया. इसके बाद चालक की पिटाई कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दी है. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया का कहना है कि यह सच है कि टैंकर चालक को राहगीरों ने पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया है. मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
