भारत-कतर आर्थिक संबंध : दोहा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कतरी व्यवसायियों को भारत में निवेश के लिए किया प्रोत्साहित

नयी दिल्ली/दोहा, (वार्ता) केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को दोहा में कतर के उद्योग-व्यापार जगत के प्रमुख संगठन ‘कतरी बिजनेसमैन एसोसिएशन’ (क्यूबीए) के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित गोलमेज बैठक को संबोधित किया।

बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल की ओर से देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत वृद्धि दर का जिक्र किया गया। इस संदर्भ में कहा गया कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती को दर्शाते हुए वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही में वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर बढ़कर 7.8 प्रतिशत हो गयी और निवेश में 11.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है।

कतर के व्यापारिक समुदाय के प्रतिनिधियों को यह भी बताया गया कि जापान क्रेडिट रेटिंग (जेसीआर) ने भारत की दीर्घकालिक रेटिंग को ‘बीबीबी ‘ से बढ़ाकर ‘A-‘ कर दिया है।

रेटिंग एजेंसी ने इसे भारत में चल रहे बुनियादी आर्थिक सुधारों पर विश्वास का प्रतीक बताया है। इसके अलावा, भारत ने वित्त वर्ष 2026 में 94.53 अरब डॉलर का अब तक का सबसे अधिक वार्षिक सकल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) हासिल किया, जो पिछले 15 वर्षों में सर्वाधिक है।

बातचीत के दौरान केंद्रीय वित्त मंत्री ने दोनों देशों के बीच उभरते आर्थिक अवसरों पर विस्तृत चर्चा की और कतरी बिज़नेसमैन एसोसिएशन को द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए व्यापार व निवेश साझेदारी की संभावनाएं तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया।

 

Next Post

पुणे में एक से सात अक्टूबर तक आयोजित होगा 'गांधी सप्ताह'

Wed Sep 30 , 2026
पुणे, (वार्ता) महाराष्ट्र गांधी स्मारक निधि और युवक क्रांति दल के संयुक्त तत्वावधान में एक से सात अक्टूबर तक यहां के कोथरुड स्थित गांधी भवन में महात्मा गांधी पर आधारित एक सप्ताह का विशेष कार्यक्रम आयोजन किया जायेगा। आयोजकों ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि दिवंगत डॉ. कुमार […]

You May Like