मुंबई, (वार्ता) महाराष्ट्र के ठाणे शहर के मनोरमानगर-गणेश नगर इलाके में देर रात अज्ञात हमलावरों ने शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) के नेता प्रदीप पुरणेकर उर्फ बाला की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना कपूरबावड़ी थाना क्षेत्र के तहत हुई, जहां हमलावरों ने श्री पुरणेकर पर दो राउंड गोलियां चलायीं और मौके से फरार हो गये। इलाके में शिवसेना (यूबीटी) के विभाग प्रमुख रहे श्री पुरणेकर गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें तुरंत पास के इनफिनिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस टीमों को तैनात किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
श्री पुरणेकर घोड़बंदर-मानपाडा इलाके में स्थानीय राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय थे। इससे पहले सितंबर 2025 में ठाणे के होटलों में टेलीविजन सेटों में तोड़फोड़ के एक मामले में भी उनका नाम आया था। घटना के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
