मुंबई, 03 जून (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया बुधवार को 39.50 पैसे टूट गया और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.76 रुपये का बोला गया।
पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 17.50 पैसे की गिरावट में 95.3650 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।
रुपये की शुरुआत आज सात पैसे नीचे 95.43 रुपये प्रति डॉलर पर हुई। इसके बाद इसका ग्राफ और नीचे की तरफ लुढ़कता गया। एक समय यह 95.80 रुपये प्रति डॉलर तक टूट चुका था, लेकिन अंत में 95.78 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में रही तेजी ने रुपये पर दबाव बनाया। कच्चे तेल का मानक लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा 1.4 प्रतिशत चढ़कर 97.30 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने के बाद यह तेजी देखी गयी है।
दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक आज 0.2 प्रतिशत मजबूत हुआ। भारतीय मुद्रा की कमजोरी में इसका भी योगदान रहा।
