सीधी। छुहिया घाटी में मंगलवार को बदमाशों ने ओडिशा पुलिस की टीम पर हमला कर कुख्यात गांजा तस्कर आदित्य मिश्रा को छुड़ा लिया। पुलिस के मुताबिक, चार गाड़ियों में आए बदमाशों ने पुलिस वाहन को घेरा और तीन बार फायरिंग की। बेसबॉल बैट से भी हमला किया गया, जिससे पुलिस वाहन का कांच टूट गया और एक टायर में गोली लगने से वह फट गया।
ओडिशा पुलिस आरोपी को एनडीपीएस मामले में रीवा जिला न्यायालय में पेशी के लिए ला रही थी। घटना के बाद बदमाश आरोपी को लेकर मैहर की ओर भाग गए। सूचना मिलते ही सीधी पुलिस ने आसपास के थानों को अलर्ट कर दिया और संदिग्ध वाहनों व आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। सीधी एसपी संतोष कोरी भी घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की जानकारी नहीं है।
