मोदी ने नोएडा बस हादसे पर दुख व्यक्त किया, अनुग्रह राशि की घोषणा की

नयी दिल्ली 24 मार्च (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक बस में आग लगने की घटना में जानमाल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रूपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
श्री मोदी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। इसके अलावा घायलों को 50-50 हजार रूपए दिये जायेंगे। पोस्ट में लिखा है , ” उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बस में लगी आग के कारण हुई त्रासदी के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना है। मृतकों के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जायेगी। घायलों को 50,000 रुपये दिये जायेंगे।”

उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात एक चलती बस में अचानक भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। कश्मीरी गेट, नयी दिल्ली से महोबा जा रही एक बस में 33 किलोमीटर माइलस्टोन के पास आग लगी। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बस के अंदर मौजूद नौ यात्रियों की जलने और दम घुटने से मौत हो गयी, जबकि बचाव दल ने 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

.....

Next Post

समन्वित प्रयासों से स्थिति नियंत्रित, एएनसी कवरेज करें शत-प्रतिशत: शुक्ल

Thu Sep 24 , 2026
भोपाल। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने आज मंत्रालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बालाघाट जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, खसरा-रूबेला, डायरिया एवं मलेरिया नियंत्रण तथा दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए की जा रही कार्यवाही की विस्तृत समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री श्री […]

You May Like