
शिवपुरी।। भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने बुधवार को शिवपुरी स्थित होटल नक्षत्र गार्डन में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर आयोजित ग्वालियर संभाग की संभागीय बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हमें ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा और जनभागीदारी से जोड़ते हुए सामाजिक समरसता एवं संगठन के सेवा भाव को और मजबूत करना है। अभियान के सभी कार्यक्रमों में समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ कार्यकर्ता आपसी समन्वय और प्रभावी कार्ययोजना के साथ जुटें।
*यात्राओं को जनभागीदारी का माध्यम बनाने जुटें*
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री जामवाल ने कहा कि ‘सेवा संकल्प यात्रा’ भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजर रही है। सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में इन यात्राओं को ऐतिहासिक और जनभागीदारी का माध्यम बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ जुटें। यात्राओं के दौरान होने वाले विभिन्न सेवा कार्यों तथा जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से समाज के अधिक से अधिक लोगों को सेवा के संकल्प से जोड़ा जाए।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर रावत, शैलेन्द्र बरुआ, सुरेंद्र शर्मा, प्रदेश मंत्री लोकेन्द्र पाराशर, सांसद भारत सिंह कुशवाहा, शिवपुरी जिले के प्रभारी नंदकिशोर नापित, जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव सहित ग्वालियर संभाग के सभी जिलों के जिला अध्यक्ष मंचासीन रहे।
