सीहोर। ग्राम लोहापठार की महिलाएं बड़ी संख्या में मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंची. महिलाओं ने नारेबाजी बाजी करते हुए डिप्टी कलेक्टर किरण वरबड़े को ज्ञापन देते हुएगांव में मौजूद शराब की दुकान को हटाने की मांग की.
प्रशासन को अपना दुखड़ा सुनाते हुए महिलाओं ने कहा कि अवैध रूप से शराब बेची जा रही है. कई बार शिकायत के बाद भी दुकान को बंद नहीं किया जा रहा है. मेहनत मजदूरी का पैसा पति शराब में उड़ा रहे हैं और नशे में घर में मारपीट करते हैं. जवान बच्चे भी नशे के आदी हो रहे हैं.
महिलाओं ने बताया कि ग्राम में कच्ची शराब भी अधिक बनाई जा रही है. ग्राम के छोटे छोटे बच्चे भी दारू पीते हैं जिससे ग्राम में आये दिन घटनाऐं घटती रहती है रोज सड़क पर एक्सीडेंट भी हो रहे हैं. शराब के नशे में लोग घर परिवार में लड़ाई झगडे करते रहते हैं. नजदीक स्थित गांव सारस एवं मगरपाठ एवं झालपीपली में भी कच्ची शराब बेची जा रही है.
कलेक्ट्रेट पहुंची बबिता बाई, मंजू बाई, शिलाबाई. प्रमिला, जया बाई, शिप्राबाई, सुगनबाई, भगवती, देवली बाई ने परिवार एवं बच्चों के भविष्य को देखते हुए गांव में शराब बेचने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने और शराब बेचने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
